कबीरधाम | जिले में धान खरीदी व्यवस्था से जुड़े करीब 8 करोड़ रुपए के कथित घोटाले ने अब सियासी तूफान खड़ा कर दिया है। धान संग्रहण केंद्रों से 22 से 26 हजार क्विंटल धान गायब होने के बाद प्रशासन ने दावा किया कि धान को चूहों ने खा लिया। इसी दलील पर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला है।
जनता कांग्रेस (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित अजित जोगी ने ऐलान किया है कि आज 15 जनवरी को वे स्वयं चूहा पकड़ने वाले जाल और टीम के साथ चारभाठा धान केंद्र पहुंचेंगे। जोगी का कहना है कि मौके पर यह साबित किया जाएगा कि करोड़ों का धान चूहों का नहीं, बल्कि सिस्टम की मिलीभगत और भ्रष्टाचार का शिकार हुआ है।
जिलाध्यक्ष सुनील केशरवानी ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि जब गोदाम सुरक्षित हैं, चौकीदार तैनात हैं और कंप्यूटर रिकॉर्ड मौजूद हैं, तब हजारों क्विंटल धान का गायब होना सीधे तौर पर संगठित घोटाले की ओर इशारा करता है।
🔎 क्या है पूरा मामला?
कवर्धा जिले के बाजार चारभाठा और पंडरिया ब्लॉक के बघर्रा धान खरीदी केंद्र में भारी गड़बड़ी सामने आई है। दोनों केंद्रों से लगभग 26 हजार क्विंटल धान की कमी पाई गई है, जिसकी बाजार कीमत करीब 7 करोड़ रुपए आंकी गई है।
जिला विपणन अधिकारी अभिषेक मिश्रा ने बयान दिया था कि धान को चूहों, दीमक, कीड़ों और मौसम की खराबी से नुकसान पहुंचा होगा। हालांकि, प्रारंभिक जांच में कई गंभीर अनियमितताओं के संकेत भी मिले हैं। विपक्ष इस दलील को “झूठी कहानी” बताकर लगातार विरोध जता रहा है।
⚠️ आज बढ़ेगा सियासी तापमान
अब सबकी निगाहें आज के घटनाक्रम पर टिकी हैं, जब अमित जोगी मौके पर पहुंचकर प्रशासन के दावे की जमीनी हकीकत उजागर करने का दावा करेंगे। क्या सच में चूहे करोड़ों का धान खा गए या फिर किसी बड़े घोटाले का पर्दाफाश होगा — इसका जवाब आज मिल सकता है।
एक टिप्पणी भेजें
हमारी न्यूज़ आपको कैसी लगी कमेंट जरूर करें या आप कोई न्यूज़ के बारे में सुझाव देना चाहते हैं तो कमेंट बॉक्स में अपना सुझाव दें
धन्यवाद