Top News

भोरमदेव को मिलेगा काशी जैसा वैभव, 146 करोड़ से बनेगा भव्य कॉरिडोर छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक धरोहर को राष्ट्रीय–अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम।

AM अबतक न्यूज़
। छत्तीसगढ़ की प्राचीन धार्मिक और ऐतिहासिक धरोहर भोरमदेव मंदिर को अब काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर भव्य रूप दिया जाएगा। केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन 2.0 योजना के अंतर्गत 146 करोड़ रुपये की लागत से भोरमदेव कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमिपूजन दिसंबर के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित है, जिसमें मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और केंद्रीय पर्यटन मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत की उपस्थिति संभावित है। करीब एक हजार वर्ष पुराना भोरमदेव मंदिर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान का प्रमुख प्रतीक है। इस परियोजना के तहत मंदिर परिसर के समग्र विकास के साथ-साथ मड़वा महल, छेरकी महल, रामचुआ और सरोधा दादर जैसे ऐतिहासिक स्थलों को भी कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर यहां छह भव्य प्रवेश द्वार, संग्रहालय, पार्क, परिक्रमा पथ, बाउंड्री वॉल, आकर्षक लाइटिंग और साज-सज्जा विकसित की जाएगी। परियोजना के अंतर्गत जल संरक्षण और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्राचीन तालाबों का सौंदर्यीकरण, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, पेयजल व्यवस्था, ड्रेनेज सिस्टम और हरित क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विश्राम स्थल, शेड, शौचालय और पेयजल की आधुनिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। कांवड़ यात्रियों के लिए विशेष ठहराव केंद्र भी बनाए जाएंगे। इस परियोजना के पूर्ण होने से न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। पर्यटन, हस्तशिल्प, होटल एवं परिवहन जैसे क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी। भोरमदेव कॉरिडोर छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है, जिससे राज्य पर्यटन के मानचित्र पर नई ऊंचाइयों को छुएगा।

Post a Comment

हमारी न्यूज़ आपको कैसी लगी कमेंट जरूर करें या आप कोई न्यूज़ के बारे में सुझाव देना चाहते हैं तो कमेंट बॉक्स में अपना सुझाव दें
धन्यवाद

और नया पुराने
AMअबतक
AMअबतक

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume