बांकीमोंगरा। जिले में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं। चाहे डीजल चोरी हो, कबाड़ चोरी या अन्य आपराधिक वारदातें—घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। हालांकि सूचना मिलते ही पुलिस विभाग त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की धर-पकड़ कर उन्हें जेल भेजने का प्रयास कर रहा है, बावजूद इसके चोरों के हौसले बुलंद हैं।
ताजा मामला बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के मोंगरा बस्ती का है, जहां दिनांक 20 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात लगभग 1 बजे तीन अज्ञात नकाबपोश चोरों ने एक घर में घुसकर सनसनीखेज चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
प्रार्थी सोना बाई अनंत अपने पुत्र अनिल अनंत, बहू एवं नाती के साथ निवास करती हैं। रोज़ की तरह उस रात एक कमरे में बेटा-बहू व बच्चा सो रहे थे, जबकि दूसरे कमरे में सोना बाई अनंत अकेली सो रही थीं। इसी दौरान तीन नकाबपोश युवक घर के पीछे की दीवार फांदकर चुपके से अंदर घुस आए।
चोरों ने पहले से योजना बनाते हुए बेटा-बहू के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और घर में रखे नया मोबाइल, संदूक (पेटी) और एक टेबल पंखा चोरी कर लिया। आहट सुनकर सोना बाई अनंत की नींद खुली और उन्होंने अपने बेटे को आवाज दी। भीतर से अनिल अनंत भी दरवाजा खटखटाते हुए जोर-जोर से चिल्लाने लगे।
इसी बीच चोरों ने घर में रखी घरेलू हंसिया सोना बाई अनंत की गर्दन पर अड़ा दी, जिससे महिला दहशत में आ गई। कुछ ही देर बाद अनिल अनंत किसी तरह घर के पीछे स्थित दूसरे दरवाजे से बाहर निकले, जिन्हें देखकर तीनों चोर मौके से भाग निकले।
पीड़ित परिवार के अनुसार, चोर एक बाइक से आए थे और उसी से फरार हो गए। चोर अपने साथ 1 नया मोबाइल, 1 टेबल पंखा, एक संदूक जिसमें लगभग 5,500 रुपये नकद और कुछ जरूरी दस्तावेज लेकर गए। वे गैस सिलेंडर भी ले जाने की फिराक में थे, लेकिन शोर-शराबा बढ़ने पर सिलेंडर को घर के बाहर ही छोड़कर भाग गए।
घटना के बाद आसपास के पड़ोसी मौके पर एकत्र हो गए और तुरंत 112 पर सूचना दी गई। बाद में चोरों द्वारा चोरी की गई संदूक को घटनास्थल से कुछ दूरी पर ले जाकर तोड़ा गया, उसमें रखे 5,500 रुपये निकाल लिए गए और खाली पेटी वहीं छोड़ दी गई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अज्ञात नकाबपोश चोरों की तलाश जारी है। इलाके में बढ़ती चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है।
एक टिप्पणी भेजें
हमारी न्यूज़ आपको कैसी लगी कमेंट जरूर करें या आप कोई न्यूज़ के बारे में सुझाव देना चाहते हैं तो कमेंट बॉक्स में अपना सुझाव दें
धन्यवाद