बांकीमोंगरा।
नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा द्वारा इस वर्ष पहली बार क्षेत्र के गजरा खेल मैदान में गणतंत्र दिवस समारोह का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी ज्योत्सना टोप्पो ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। राष्ट्रगान की गूंज से पूरा मैदान देशभक्ति के माहौल में सराबोर हो गया।
गणतंत्र दिवस समारोह में आसपास के दर्जनों विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रमों में वीर जवानों की गाथाएं, छत्तीसगढ़ी संस्कृति व लोक कला की झलक, देशभक्ति गीत, ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित प्रस्तुति एवं पंथी नृत्य शामिल रहे, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।
निर्णायक समिति द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का मूल्यांकन कर विजेताओं की घोषणा की गई—
प्रथम स्थान पीएम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी-हिंदी माध्यम विद्यालय, बांकीमोंगरा को मिला, जिन्हें नगर पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा द्वारा ₹15,001 नगद एवं मोमेंटो प्रदान किया गया।
द्वितीय स्थान शासकीय हाईस्कूल, घुड़देना के बच्चों ने प्राप्त किया, जिन्हें ₹10,001 नगद एवं मोमेंटो दिया गया।
तृतीय स्थान विनायक पब्लिक स्कूल, बांकीमोंगरा को मिला, जिन्हें ₹5,001 नगद एवं मोमेंटो प्रदान किया गया।
मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें हमारे अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। उन्होंने बांकीमोंगरा क्षेत्र के विकास कार्यों एवं स्वच्छता अभियानों में जनप्रतिनिधियों व नगरवासियों से सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष भाजयुमो छत्तीसगढ़ विकास झा ने कहा कि आज के बच्चे देश का भविष्य हैं। उनकी कला और देशभक्ति देखकर यह विश्वास होता है कि हमारा लोकतंत्र सुरक्षित हाथों में है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है और आने वाले समय में और भी भव्य आयोजनों का आयोजन किया जाएगा।
समारोह के दौरान क्षेत्र में निवासरत देश की सेवा कर चुके पूर्व सैनिकों को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विद्यालयों के प्राचार्य, सफाई मित्र, पालिका कर्मचारी, चिकित्सा कर्मी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की निर्णायक समिति एवं डोर-टू-डोर सफाई सुपरवाइजरों को भी स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन मुख्य नगर पालिका अधिकारी ज्योत्सना टोप्पो द्वारा सभी उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।
गणतंत्र दिवस समारोह में बांकीमोंगरा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, पत्रकारगण, विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, व्यापारीगण एवं पालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। पहली बार गजरा खेल मैदान में आयोजित इस समारोह को लेकर नगरवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
एक टिप्पणी भेजें
हमारी न्यूज़ आपको कैसी लगी कमेंट जरूर करें या आप कोई न्यूज़ के बारे में सुझाव देना चाहते हैं तो कमेंट बॉक्स में अपना सुझाव दें
धन्यवाद