Top News

SECL भूमि कब्जा मामला: दो आरोपी जेल, एक मुचलके पर रिहा — आधा ढहा निर्माण, अब बुलडोजर कार्रवाई पर टिकी नजर।

बाँकी मोंगरा : SECL की अधिग्रहित शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी जामबाई और रीता महंत को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को महिला कारावास भेज दिया गया। वहीं एक अन्य आरोपी मनराखन (माखनलाल यादव) को मुचलके पर रिहा किए जाने की जानकारी सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, सुराकछार-बलगी बांकी उपक्षेत्र स्थित SECL अस्पताल के सामने खसरा क्रमांक 151 व 171 की लगभग 20×15 मीटर अधिग्रहित भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य किया जा रहा था। सूचना मिलने पर SECL विभाग की टीम जब जमीन खाली कराने पहुंची, तब कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देने, मोबाइल छीनने और गाली-गलौज करने के आरोप सामने आए।
इस मामले में 13 फरवरी को SECL सुरक्षा गार्ड तुलसी राम साहू ने थाना बाँकी मोंगरा में नामजद शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 33/26 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस खंगाल रही पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
सूत्रों के अनुसार, पुलिस आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड भी खंगाल रही है। बताया जा रहा है कि जामबाई और रीता महंत के खिलाफ पहले भी फर्जी जमीन बिक्री, विवाद और अन्य आपराधिक मामलों में शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं। हाल ही में नगर पालिका की शिकायत पर जामबाई द्वारा भवन निर्माण कार्य में बाधा डालने और खुद पर तेल डालकर भय पैदा करने का मामला भी दर्ज हुआ था।
पर्दे के पीछे भू-माफिया की आशंका
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि इस कब्जा प्रकरण के पीछे किसी बड़े भू-माफिया के शामिल होने की आशंका जताई जा रही है, जो पर्दे के पीछे रहकर अवैध कब्जा करवाता है। ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग भी उठ रही है।
आधा ढहा निर्माण, एक हिस्सा अब भी खड़ा
पुलिस कार्रवाई के बाद अवैध निर्माण का कुछ हिस्सा तो तोड़ दिया गया है, लेकिन भवन का एक साइड अब भी खड़ा दिखाई दे रहा है। इससे स्थानीय लोगों में चर्चा तेज हो गई है कि क्या SECL पूरी तरह से कब्जा हटाने के लिए दोबारा बुलडोजर कार्रवाई करेगी या नहीं।
अब SECL और प्रशासन की कार्रवाई पर नजर
अब सबकी नजर SECL प्रबंधन और नगर पालिका प्रशासन पर टिकी है कि बचा हुआ निर्माण कब हटाया जाएगा और भूमि को पूरी तरह कब्जा मुक्त कराया जाएगा। साथ ही यह भी देखना होगा कि मुचलके पर रिहा आरोपी आगे इस तरह की गतिविधियों से दूर रहता है या नहीं।

फिलहाल पुलिस अपनी कार्रवाई कर चुकी है, अब भूमि खाली कराने और मलबा हटाने की जिम्मेदारी संबंधित विभागों पर है। आने वाले समय में प्रशासन की अगली कार्रवाई इस पूरे मामले की दिशा तय करेगी।

Post a Comment

हमारी न्यूज़ आपको कैसी लगी कमेंट जरूर करें या आप कोई न्यूज़ के बारे में सुझाव देना चाहते हैं तो कमेंट बॉक्स में अपना सुझाव दें
धन्यवाद

और नया पुराने
AMअबतक
AMअबतक

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume