बाँकीमोंगरा (कोरबा):
क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। जानकारी के अनुसार बाँकीमोंगरा क्षेत्र में अभी तक एक भी केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) से मान्यता प्राप्त स्कूल संचालित नहीं है, इसके बावजूद कुछ निजी स्कूलों द्वारा CBSE के नाम पर अभिभावकों से एडमिशन लिए जाने की चर्चा क्षेत्र में तेजी से फैल रही है।
स्थानीय अभिभावकों का कहना है कि स्कूलों के प्रचार-प्रसार और एडमिशन प्रक्रिया में CBSE पैटर्न या CBSE शिक्षा का उल्लेख किया जा रहा है, जिससे कई लोग यह समझ रहे हैं कि स्कूल CBSE से मान्यता प्राप्त है। यदि वास्तव में स्कूल को CBSE की आधिकारिक मान्यता नहीं है और फिर भी इस तरह का प्रचार किया जा रहा है, तो यह अभिभावकों को गुमराह करने और धोखाधड़ी का मामला बन सकता है।
शिक्षा से जुड़े लोगों का कहना है कि CBSE बोर्ड से मान्यता प्राप्त करने के लिए स्कूल को कई कड़े नियमों और मानकों को पूरा करना पड़ता है, जिसके बाद ही बोर्ड द्वारा आधिकारिक मान्यता दी जाती है। बिना मान्यता के CBSE के नाम का उपयोग करना नियमों के खिलाफ माना जाता है।
इधर क्षेत्र के लोगों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों के भविष्य से जुड़ा यह गंभीर विषय है, इसलिए जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) और संबंधित विभाग को जांच कर सच्चाई सामने लानी चाहिए।
स्थानीय नागरिकों का यह भी कहना है कि यदि किसी स्कूल द्वारा गलत जानकारी देकर एडमिशन लिया जा रहा है, तो उस पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में किसी भी अभिभावक को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेकर जांच करता है और सच सामने आता है या नहीं।
एक टिप्पणी भेजें
हमारी न्यूज़ आपको कैसी लगी कमेंट जरूर करें या आप कोई न्यूज़ के बारे में सुझाव देना चाहते हैं तो कमेंट बॉक्स में अपना सुझाव दें
धन्यवाद